सरई पुलिस ने कार से 2 किलो 65 ग्राम गांजा बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

741

सरई पुलिस ने कार से 2 किलो 65 ग्राम गांजा बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

 

 

सिंगरौली/ आगामी त्योहार जन्माष्टमी को लेकर सरई पुलिस द्वारा की जा रही रात्रि गश्त एवं वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने फोर व्हीलर वाहन में अवैध मादक पदार्थ गांजा लेकर जा रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2 किलो 65 ग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने गांजा एवं वाहन सहित कुल 5 लाख 30 हजार रुपये की सामग्री जब्त की है। पुलिस के अनुसार 3 सितंबर 2026 की रात गश्त एवं वाहन चेकिंग के दौरान ग्राम झारा की ओर से एक फोर व्हीलर वाहन संदिग्ध अवस्था में आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन को रोकने के बजाय मोड़ने का प्रयास किया। संदेह होने पर पुलिस टीम ने वाहन को रोककर उसमें सवार दोनों व्यक्तियों से पूछताछ की पूछताछ में चालक ने अपना नाम अरविंद उर्फ सिब्बू सेन (27) निवासी वार्ड क्रमांक 12, मेला मैदान, थाना सोहागपुर, जिला शहडोल बताया। वहीं दूसरे व्यक्ति ने अपना नाम रामसजीवन साहू (43) निवासी ग्राम बंजारी, थाना सरई, जिला सिंगरौली बताया। वाहन की तलाशी लेने पर उसकी डिग्गी में 2 किलो 65 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 30 हजार रुपये, बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा परिवहन में प्रयुक्त फोर व्हीलर वाहन रेनॉल्ट क्विड, क्रमांक CG 12 AQ 8157, जिसकी कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है, को भी जब्त कर लिया।

 

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

 

पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 711/26, धारा 8/20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी रामसजीवन साहू के विरुद्ध पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड का भी उल्लेख किया है।

 

एसपी के निर्देशन में कार्रवाई

 

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सिंगरौली शियाज़ के.एम. (भापुसे) एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिंघा के निर्देशन तथा एसडीओपी देवसर गायत्री तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सरई निरीक्षक प्रहलाद सिंह मरकाम के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में उपनिरीक्षक लालमणि साकेत, प्रधान आरक्षक लक्ष्मीकांत साहू, आरक्षक अनुराग मिश्रा, अशोक यादव, महेश गुर्जर एवं मयंक हिरवानी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।