सासन पावर लिमिटेड में कार्यरत पीवीएन ग्रुप के श्रमिकों ने वेतन

105

सिंगरौली के सासन पावर लिमिटेड में कार्यरत पीवीएन ग्रुप के श्रमिकों ने वेतन, पीएफ और बोनस के मुद्दे पर कंपनी प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। श्रमिकों का आरोप है कि उन्हें समय पर वेतन नहीं मिल रहा, पीएफ नियमित रूप से जमा नहीं किया जा रहा और कई महीनों से बोनस भी लंबित है। हालांकि, कंपनी प्रबंधन ने श्रमिकों को लिखित आश्वासन दिया है कि सभी बकाया भुगतान निर्धारित समय सीमा के भीतर कर दिए जाएंगे।

 

श्रमिकों ने प्रबंधन विभाग को आवेदन सौंपकर बताया कि श्रम कानून के अनुसार वेतन प्रत्येक माह 1 से 7 तारीख के बीच मिलना चाहिए, लेकिन उन्हें 20 से 25 तारीख के बीच भुगतान किया जा रहा है। इससे कर्मचारियों और उनके परिवारों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं कर्मचारियों का यह भी आरोप है कि पीएफ की राशि भी समय पर जमा नहीं हो रही है।

 

श्रमिकों ने बताया कि पिछले करीब पांच वर्षो से फेस्टिवल बोनस का भी भुगतान नहीं किया गया है। कई बार शिकायत और मांग रखने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। कर्मचारियों ने मांग की है कि पीएफ नियमित रूप से जमा कराया जाए, वेतन समय पर दिया जाए और सभी लंबित देयकों का जल्द भुगतान किया जाए। श्रमिकों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे श्रम न्यायालय सहित अन्य कानूनी विकल्प अपनाएंगे।

 

वहीं, सासन पावर लिमिटेड प्रबंधन की ओर से जारी लिखित आश्वासन में कहा गया है कि पीवीएन ग्रुप के श्रमिकों का जून 2026 का वेतन 20 जुलाई 2026 तक भुगतान कर दिया जाएगा। भविष्य निधि (पीएफ) का लंबित भुगतान 31 अगस्त 2026 तक जमा कराया जाएगा। यदि निर्धारित तिथि तक पीवीएन ग्रुप भुगतान नहीं करता है, तो 5 सितंबर 2026 तक रिलायंस पावर स्वयं भुगतान सुनिश्चित करेगी। साथ ही, श्रमिकों का मासिक वेतन भी श्रम कानून के प्रावधानों के अनुसार प्रत्येक माह 1 से 7 तारीख के बीच देने का आश्वासन दिया गया है।