पर्यावरण संरक्षण एवं कचरा प्रबंधन को लेकर जिला पर्यावरण समिति/आर्द्रभूमि समिति की बैठक आयोजित

81

 

एकल उपयोग प्लास्टिक पर प्रतिबंध

 

अविनाश रंजन स्टेट ब्यूरो चीफ की रिपोर्ट

 

बिहार वैशाली हाजीपुर न्यूज

 

जिलाधिकारी वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह की अध्यक्षता में जिला पदाधिकारी के कार्यालय कक्ष में जिला पर्यावरण समिति एवं आर्द्रभूमि समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एकल उपयोग प्लास्टिक पर प्रतिबंध, कचरा प्रबंधन, वायु प्रदूषण नियंत्रण तथा आर्द्रभूमि संरक्षण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, जिला योजना पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता (जल संसाधन एवं बाढ़ नियंत्रण), नगर परिषद हाजीपुर, लालगंज एवं महनार के कार्यपालक पदाधिकारी तथा बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद के क्षेत्रीय पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने एकल उपयोग प्लास्टिक के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध को प्रभावी रूप से लागू कराने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी कार्यपालक पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्राधिकार में दुकानों एवं प्रतिष्ठानों की नियमित जांच कर निषिद्ध प्लास्टिक के उपयोग पर सख्ती से कार्रवाई करने तथा आवश्यकतानुसार आर्थिक दंड लगाने का निर्देश दिया।

वन प्रमंडल पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि फरवरी 2026 में जिले का AQI (Air Quality Index) 176 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में है तथा पिछले दो वर्षों की तुलना में बेहतर स्थिति को दर्शाता है। वर्ष 2025 में यह 244 तथा वर्ष 2024 में 188 था। उन्होंने बताया कि वायु प्रदूषण के प्रमुख कारणों में खुले में कचरा जलाना तथा वाहनों से निकलने वाला धुआँ शामिल है।

जिलाधिकारी ने नगर परिषद एवं नगर पंचायतों के कार्यपालक पदाधिकारियों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिले में गीले एवं सूखे कचरे का अलग-अलग संग्रहण एवं वैज्ञानिक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा खुले में कचरा जलाने पर सख्ती से रोक लगाई जाए।

बैठक में NGT के आदेश के आलोक में जैव विविधता पार्क के विकास हेतु गंगा नदी के किनारे 50 एकड़ भूमि उपलब्ध कराने के लिए एनएचएआई, महनार एवं सोनपुर रोड हाजीपुर क्षेत्र का निरीक्षण कराने का भी निर्देश दिया गया।

वन प्रमंडल पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि NMCG परियोजना के अंतर्गत उच्च प्राथमिकता वाले आर्द्रभूमि के रूप में वैशाली जिले में सुल्तानपुर आर्द्रभूमि का चयन किया गया है। इसके संरक्षण हेतु सर्वेक्षण कार्य क्षेत्र जिसमें कुल 84.52 एकड़ क्षेत्रफल चिन्हित किया गया है।

जिलाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह ने निर्देश दिया कि हसनपुर आर्द्रभूमि के संरक्षण एवं अधिसूचना की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने हेतु संबंधित विभाग आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण स्वच्छ एवं स्वस्थ जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए कचरा प्रबंधन, प्लास्टिक प्रतिबंध एवं प्रदूषण नियंत्रण से संबंधित निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।