डीएम वैशाली की पहल पर ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट से निपटने की तैयारी, खराब चापाकलों की मरम्मत के लिए चलंत दल रवाना

70

 

 

अविनाश रंजन स्टेट ब्यूरो चीफ की रिपोर्ट

 

बिहार वैशाली हाजीपुर न्यूज

 

भीषण गर्मी के मद्देनज़र ग्रामीण क्षेत्रों में संभावित पेयजल संकट से निपटने के लिए जिला प्रशासन वैशाली ने तैयारी तेज कर दी है। जिलाधिकारी वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह के निर्देश पर लोक स्वास्थ्य प्रमंडल, हाजीपुर द्वारा खराब चापाकलों की मरम्मत के लिए चलंत मरम्मत दल का गठन कर, इस दल को समाहरणालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जो जिले के विभिन्न पंचायतों में जाकर खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत करेगा।

 

कार्यपालक अभियंता, लोक स्वास्थ्य प्रमंडल, हाजीपुर ने बताया कि गर्मी के मौसम को देखते हुए जिले में पेयजल आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। चलंत मरम्मत दल जिले के विभिन्न पंचायतों में घूम-घूम कर खराब चापाकलों को ठीक करेगा, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को पेयजल की समस्या का सामना न करना पड़े।

 

उन्होंने बताया कि यदि किसी अन्य स्थान पर भी चापाकल खराब होने की सूचना मिलती है तो मरम्मत दल वहां पहुंचकर शीघ्र मरम्मत कार्य करेगा। प्रत्येक दल में एक मिस्त्री के साथ दो सहायक कर्मियों को शामिल किया गया है, ताकि मरम्मत कार्य तेजी से किया जा सके।

 

जिलाधिकारी वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह ने कहा कि गर्मी के मौसम में ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं चापाकल खराब हो तो इसकी सूचना लोक स्वास्थ्य प्रमंडल के नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06224-260320 पर दें, ताकि मरम्मत दल को तत्काल भेजकर समस्या का समाधान कराया जा सके।

 

इस अवसर पर अपर समाहर्ता (आपदा) वैशाली, विशेष कार्य पदाधिकारी वैशाली, कार्यपालक अभियंता, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण प्रमंडल वैशाली सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।