वैशाली जिले का 53वां स्थापना महोत्सव भव्य रूप से संपन्न

80

 

अविनाश रंजन स्टेट ब्यूरो चीफ की रिपोर्ट

 

बिहार वैशाली हाजीपुर न्यूज

कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार तथा जिला प्रशासन वैशाली के संयुक्त तत्वावधान में 8 फरवरी 2026 को वैशाली जिले का 53वां स्थापना महोत्सव जिला पदाधिकारी वैशाली ,श्रीमति वर्षा सिंह की विशेष पहल पर भव्य रूप में आयोजित किया गया। जिला मुख्यालय सहित सभी प्रखंडों में विविध कार्यक्रमों के माध्यम से इस महोत्सव को उत्सवपूर्ण ढंग से मनाया गया।

 

कार्यक्रम की शुरुआत प्रभात फेरी, वृक्षारोपण एवं रक्तदान कार्यक्रम से हुई। इसके उपरांत समाहरणालय स्थित पुष्करणी सभागार में आयोजित मुख्य समारोह का उद्घाटन जिला पदाधिकारी वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह ने हाजीपुर विधायक अवधेश सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष आशुतोष कुमार दीपु, पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग एवं उप विकास आयुक्त/अनुमंडल पदाधिकारी हाजीपुर के साथ संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

 

अपने संबोधन में जिला पदाधिकारी ने कहा कि वैशाली लोकतंत्र की जननी रही है, जिसका महत्व हालिया विधानसभा निर्वाचन के दौरान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी रेखांकित हुआ। उन्होंने वैशाली के समग्र विकास की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए नगर विकास, सड़क निर्माण, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, मुख्यमंत्री प्रगति यात्रा, समृद्धि यात्रा तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन पर किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

 

महिला सशक्तिकरण पर विशेष बल देते हुए जिला पदाधिकारी ने बताया कि जीविका एवं महिला रोजगार योजनाओं के तहत जिले की महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होंने शौचालय निर्माण, सरकारी नौकरियों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी तथा सामाजिक भेदभाव में आई कमी को सकारात्मक परिवर्तन बताया।

 

जिला पदाधिकारी ने जानकारी दी कि किसान रजिस्ट्रेशन अभियान के अंतर्गत अब तक लगभग 2 लाख किसानों का पंजीकरण हो चुका है और लक्ष्य का 90 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर लिया गया है। साथ ही सात निश्चय योजना भाग-3, दिव्यांगजन एवं महिलाओं पर विशेष फोकस, सूखा नशाखोरी उन्मूलन तथा एस्पिरेशनल ब्लॉक लालगंज में विशेष पहलों की चर्चा की।

 

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी द्वारा अभियान बसेरा-2 के तहत बंदोबस्ती पर्चा, आयुष्मान कार्ड, ई-श्रम कार्ड, दृष्टिबाधितों को चश्मा, दिव्यांगों को ट्राइसाइकिल, मनरेगा जॉब कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना के चेक व गृह प्रवेश की चाबियां सहित विभिन्न लाभुकों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

 

कार्यक्रम के अंत में अनुमंडल पदाधिकारी, हाजीपुर श्री राम बाबू बैठा ने धन्यवाद ज्ञापन किया। स्थापना महोत्सव ने जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह के नेतृत्व में वैशाली के विकास, सुशासन एवं जनसहभागिता की मजबूत तस्वीर प्रस्तुत की।