अविनाश रंजन स्टेट ब्यूरो चीफ की रिपोर्ट
बिहार वैशाली हाजीपुर न्यूज
वैशाली जिले में शिक्षा अधोसंरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत जिलाधिकारी वैशाली की अध्यक्षता में समाहरणालय, हाजीपुर में केंद्रीय विद्यालय हाजीपुर के स्थायी भवन निर्माण से संबंधित समन्वयात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य वर्षों से संचालित केंद्रीय विद्यालय के लिए स्थायी भवन निर्माण की प्रक्रिया को शीघ्र प्रारंभ करना रहा।
बैठक में केंद्रीय विद्यालय संगठन, क्षेत्रीय कार्यालय पटना के उपयुक्त, यूपीपीसीएल के प्रोजेक्ट मैनेजर तथा केंद्रीय विद्यालय हाजीपुर के प्राचार्य उपस्थित रहे। अधिकारियों द्वारा जिलाधिकारी को विद्यालय भवन की वर्तमान स्थिति, प्रस्तावित निर्माण योजना एवं आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
बैठक में यह तथ्य सामने आया कि केंद्रीय विद्यालय हाजीपुर विगत 23 वर्षों से अस्थायी व्यवस्था में संचालित है तथा अब स्थायी भवन निर्माण की आवश्यकता अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है। इस क्रम में यूपीपीसीएल द्वारा विद्यालय भवन का प्रारंभिक डिजाइन जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जिस पर जिलाधिकारी ने आवश्यक परीक्षण के उपरांत शीघ्र निर्माण कार्य आरंभ करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त केंद्रीय विद्यालय संगठन, क्षेत्रीय कार्यालय पटना द्वारा स्टाफ क्वार्टर निर्माण हेतु पृथक भूमि प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई, जिस पर जिलाधिकारी ने समुचित विचार कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
जिलाधिकारी वैशाली ने बैठक के दौरान स्पष्ट किया कि जिले में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के विस्तार हेतु केंद्रीय विद्यालय जैसी संस्थाओं को स्थायी एवं बेहतर आधारभूत संरचना उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा में आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करने के निर्देश दिए।





