हाजीपुर में आज तीसरे दिन श्रमिक कल्याण एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन
अविनाश रंजन स्टेट ब्यूरो चीफ की रिपोर्ट
बिहार वैशाली हाजीपुर न्यूज
जिलाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह के निर्देश के आलोक में औद्योगिक क्षेत्र, हाजीपुर स्थित Britannia Industries Limited के परिसर में श्रमिक कल्याण सह स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह औद्योगिक क्षेत्र में आयोजित किए जा रहे ऐसे शिविरों की श्रृंखला का तीसरा दिन है, जिसका उद्देश्य श्रमिकों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से आच्छादित करना तथा उनके स्वास्थ्य की जाँच सुनिश्चित करना है।
इस श्रमिक कल्याण शिविर के अंतर्गत श्रमिकों का ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण, उनके कार्य अवधि (वर्क स्पैन) से संबंधित जानकारी का संकलन, भविष्य निधि (Provident Fund), ईएसआईसी (ESIC) सहित अन्य श्रम कल्याण योजनाओं से संबंधित जांच एवं परामर्श किया जा रहा है, ताकि आगे की कल्याणकारी कार्यवाहियों को प्रभावी रूप से क्रियान्वित किया जा सके।
इसी क्रम में जिलाधिकारी, वैशाली के निदेशानुसार आज तीसरे दिन Britannia Company, औद्योगिक क्षेत्र, हाजीपुर में निःशुल्क स्वास्थ्य कैम्प का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें श्रमिकों की सामान्य स्वास्थ्य जाँच, बीपी, शुगर सहित अन्य आवश्यक परीक्षण किए जा रहे हैं तथा चिकित्सीय परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व औद्योगिक क्षेत्र, हाजीपुर में New Zeel Fashion Private Limited एवं Competence Export Private Limited के परिसरों में भी ऐसे ही श्रमिक कल्याण एवं स्वास्थ्य शिविरों का सफल आयोजन किया जा चुका है, जिसे श्रमिकों द्वारा सराहा गया है।
जिला प्रशासन का उद्देश्य इन शिविरों के माध्यम से श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा कवच प्रदान करना, उनके स्वास्थ्य संरक्षण को सुनिश्चित करना तथा औद्योगिक क्षेत्र में सकारात्मक एवं सुरक्षित कार्य वातावरण का निर्माण करना है।





