सुलियरी में 37वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह की शुरुआत, यातायात नियमों के प्रति बढ़ाई जागरूकता
अदाणी फाउंडेशन ने यातायात पुलिस के साथ मिलकर बांटे 200 हेलमेट
सिंगरौली, 23 जनवरी 2026: सरई तहसील के सुलियरी क्षेत्र में 37वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का शुभारंभ उत्साहपूर्वक किया गया। सड़क हादसों में कमी लाने और लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से परिसर के भीतर और आसपास भव्य जागरूकता मार्च निकाला गया। डोंगरी से झलरी और झलरी से अमरईखोह तक दो रैलियाँ निकाली गईं, जिनमें स्थानीय नागरिकों और कर्मचारियों की बड़ी संख्या में भागीदारी रही।

कार्यक्रम की शुरुआत सुलियरी परिसर में आयोजित विशाल रैली और शपथ ग्रहण से हुई। अधिकारियों, कर्मचारियों और ट्रक ड्राइवरों ने सड़क सुरक्षा की शपथ ली। हाथों में स्लोगन से भरी तख्तियां उठाए प्रतिभागियों ने सुरक्षित ड्राइविंग का संदेश दिया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और जिम्मेदार यातायात संस्कृति को बढ़ावा देना रहा। यातायात पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अधिकांश दुर्घटनाएं मानवीय चूक का परिणाम होती हैं, इसलिए नियमों का पालन जीवन रक्षक है।

इस अवसर पर अदाणी फाउंडेशन ने आसपास के गांवों के दोपहिया चालकों को 200 निःशुल्क हेलमेट वितरित किए। अधिकारियों ने हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और गति सीमा का पालन करने जैसे जरूरी सुरक्षा उपायों पर विस्तृत जानकारी दी। आमजन में संदेश पहुंचाने के लिए नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया, जबकि कर्मचारियों और श्रमिकों के लिए यातायात नियमों पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन कर विजेताओं को सम्मानित किया गया। स्थानीय स्कूलों में बच्चों के लिए सड़क सुरक्षा विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।
लाल बत्ती पार करना या हेलमेट न पहनना अक्सर छोटी गलती समझी जाती है, लेकिन यही लापरवाही घातक साबित हो सकती है। चाहे देर हो रही हो या रास्ता खाली दिख रहा हो—सुरक्षा नियमों का पालन हर परिस्थिति में अनिवार्य है। सड़क पर चलने वाला हर व्यक्ति जिम्मेदारी निभाए, क्योंकि किसी भी एक गलती की कीमत किसी दूसरे की जान बन सकती है। दोपहिया से लेकर चारपहिया वाहन चालकों तक, सभी को सजग और सतर्क रहकर यातायात नियमों का पालन करना चाहिए।





