सरई पुलिस की कार्रवाई, भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त, आरोपी गिरफ्तार
सिंगरौली। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरई पुलिस ने ग्राम धिरौली कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में देशी और अंग्रेजी शराब जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम धिरौली में एक व्यक्ति अपनी दुकान पर अवैध रूप से बड़ी मात्रा में देशी एवं अंग्रेजी शराब रखे हुए है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो दुकान में मौजूद व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बृजेंद्र जायसवाल (21 वर्ष), पिता स्व. शीतला प्रसाद जायसवाल, निवासी धिरौली, थाना सरई बताया। पुलिस ने दुकान की तलाशी ली, जहां से विभिन्न ब्रांड की देशी एवं अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
पुलिस के मुताबिक, जब्त शराब की कुल मात्रा 55 लीटर 860 एमएल तथा अनुमानित कीमत 26,405 रुपये है। मामले में थाना सरई में अपराध क्रमांक 743/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी सहित उपनिरीक्षक लालमणि साकेत, प्रधान आरक्षक दिलेंद्र यादव, विजय तिवारी, हरिभजन सिंह एवं आरक्षक सुरेश मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





