चुनार क्षेत्र की समस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने SDM चुनार को सौंपा ज्ञापन।

9

चुनार क्षेत्र की समस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने SDM चुनार को सौंपा ज्ञापन।

 

 

पोस्टमार्टम हाउस (चीर घर) शुरू कराने, जर्जर सड़कों की मरम्मत, खाद की उपलब्धता और बाढ़ नियंत्रण की उठी मांग ।

 

चुनार/मिर्जापुर। चुनार तहसील क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी (मीरजापुर) की ओर से उपजिलाधिकारी (SDM) चुनार को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में क्षेत्र की जनता और किसानों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है।

 

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. शिवकुमार पटेल (एडवोकेट) के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि चुनार तहसील क्षेत्र की जनता लंबे समय से कई मूलभूत समस्याओं से जूझ रही है।

 

पोस्टमार्टम हाउस शुरू कराने की मांग

ज्ञापन में चुनार स्थित पोस्टमार्टम हाउस को लगभग दो वर्षों से निष्प्रयोज्य/बंद बताए जाने पर सवाल उठाया गया। कहा गया कि दुर्घटना या आकस्मिक मृत्यु की स्थिति में शव को पोस्टमार्टम के लिए मिर्जापुर ले जाना पड़ता है, जिससे मृतकों के परिजनों को आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। कांग्रेस ने पोस्टमार्टम हाउस को तत्काल चालू कराने की मांग की।

 

जर्जर सड़कों की मरम्मत और नवनिर्माण

चुनार तहसील की प्रमुख सड़कों और ग्रामीण संपर्क मार्गों की स्थिति को लेकर भी ज्ञापन में चिंता जताई गई। नरायनपुर सब्जी मंडी मार्ग, नारायणपुर डब्बा क्षेत्र को जोड़ने वाला मार्ग, जमालपुर ब्लॉक मुख्यालय से राजगढ़ संपर्क मार्ग, रमियावां से जमालपुर संपर्क मार्ग सहित अन्य ग्रामीण मार्गों की मरम्मत की मांग की गई। ज्ञापन के अनुसार कई मार्ग गड्ढों में तब्दील हो चुके हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।

 

सहकारी समितियों पर पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने की मांग

किसानों को डीएपी और यूरिया सहित रासायनिक खाद की कमी से जूझना पड़ रहा है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि सहकारी समितियों पर खाद की कमी के कारण किसानों को लंबी कतारों में लगना पड़ रहा है और कई बार निजी दुकानों से महंगे दाम पर खाद खरीदनी पड़ती है। समितियों पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की मांग की गई।

 

अहरौरा व जरगो बांध से नियंत्रित जल निकासी की मांग

भारी बारिश के दौरान अहरौरा एवं जरगो बांध में जलस्तर अचानक बढ़ने पर बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने से निचले इलाकों और तटीय गांवों में जलभराव एवं बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने का मुद्दा भी उठाया गया। ज्ञापन में बारिश के दौरान जलस्तर की लगातार निगरानी करते हुए

पानी निष्कासित एवं क्षमता के अनुसार रखने की व्यवस्था किए जाने की मांग की गई, ताकि निचले क्षेत्र के गांवों को बाढ़ के खतरे से बचाया जा सके।

 

नरायनपुर-शक्तिनगर मार्ग की नालियों को लेकर भी सवाल

नारायणपुर से शक्तिनगर जाने वाले राजमार्ग पर फत्तेपुर टोल प्लाजा से खजुरौल रोड तक नाली निर्माण की आवश्यकता बताई गई है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि टोल के नाम पर वसूली तो की जा रही है, लेकिन सड़क और जलनिकासी की व्यवस्था पर्याप्त नहीं है। अहरौरा में टोल प्लाजा के नाम पर सड़क किनारे बनाए गए निर्माणों को लेकर भी जांच की मांग की गई।

 

जिला कांग्रेस कमेटी ने सभी बिंदुओं पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने की मांग की है।