
गुवाहाटी/अहमदाबाद, 20 सितंबर, 2026: असम के माननीय मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने आज निचले असम के धुबरी जिले के छपार में अदाणी पावर लिमिटेड (एपीएल) के 3,200 मेगावाट अल्ट्रा-सुपरक्रिटिकल थर्मल पॉवर प्लांट (यूएसटीपीपी) की आधारशिला रखी।
48,000 करोड़ रुपए के इस प्रोजेक्ट से निर्माण के दौरान 20,000 तक नौकरियां और प्रोजेक्ट शुरू होने के बाद करीब 5,000 नौकरियाँ मिलने की उम्मीद है। इससे असम की पावर उत्पादन क्षमता भी बढ़ेगी। इस कार्यक्रम में राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, इंडस्ट्री लीडर्स, स्थानीय समुदाय के प्रतिनिधि और अदाणी ग्रुप के डायरेक्टर जीत अदाणी शामिल हुए।
छपार प्लांट असम में 63,000 करोड़ रुपए के पावर निवेश का हिस्सा है, जिसे दिसंबर 2030 से चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जाएगा। राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों में कुल निवेश 80,000 करोड़ रुपए से ज्यादा होगा। कई प्रोजेक्ट्स अब सिर्फ घोषणा से आगे बढ़कर जमीन पर काम की दिशा में हैं और अगले तीन से चार वर्षों में असम में नौकरियाँ, इंफ्रास्ट्रक्चर और नए आर्थिक अवसर पैदा करेंगे। थर्मल पॉवर प्रोजेक्ट से स्थानीय ठेकेदारों, सप्लायर्स, ट्रांसपोर्ट ऑपरेटर्स और सर्विस प्रोवाइडर्स के लिए भी मौके बनेंगे। इससे वे असम में अदाणी ग्रुप के बढ़ते वेंडर नेटवर्क से जुड़कर अपना काम आगे बढ़ा सकेंगे।
असम के माननीय मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, “असम तेजी से इस क्षेत्र के एनर्जी हब के रूप में उभर रहा है और कई बड़े एनर्जी प्रोजेक्ट्स पर कार्य किया जा रहा है। 3,200 मेगावॉट का छपार प्रोजेक्ट एडवांटेज असम इन्वेस्टर समिट 2.0 से पैदा हुए भरोसे का एक बड़ा नतीजा है। करीब 48,000 करोड़ रुपए के निवेश वाला यह प्रोजेक्ट असम में अब तक के सबसे बड़े एकल निवेशों में से एक होगा। इससे बड़े स्तर पर रोजगार के अवसर मिलेंगे। साथ ही राज्य को बढ़ी हुई आर्थिक गतिविधियों और एसजीएसटी से फायदा होगा, जबकि स्थानीय इंडस्ट्री और कारोबारों को इस नए इकोसिस्टम का हिस्सा बनने के मौके मिलेंगे।”
अदाणी ग्रुप के डायरेक्टर जीत अदाणी ने कहा, “आज असम के लिए एक नए और महत्वपूर्ण अध्याय की शुरुआत हो रही है। अदाणी पॉवर इस 3,200 मेगावॉट थर्मल पॉवर प्रोजेक्ट में 48,000 करोड़ रुपए का निवेश करेगी। इससे घरों, कारोबारों और इंडस्ट्रीज को भरोसेमंद और किफायती बिजली मिलेगी। इस प्रोजेक्ट से नौकरियाँ भी पैदा होंगी और स्थानीय ठेकेदारों, सप्लायर्स और कारोबारों के लिए नए अवसर खुलेंगे। हमें असम में निवेश करने और राज्य की आर्थिक ग्रोथ का हिस्सा बनने पर गर्व है।”
उन्होंने असम की खास भौगोलिक स्थिति के बारे में भी बात की, जो राज्य को भारत के लिए एक “बैटरी” बना सकती है और देश की भविष्य की ग्रोथ को ताकत दे सकती है।
छपार प्लांट में 800 मेगावाट की चार यूनिट्स होंगी और इसमें अल्ट्रा-सुपरक्रिटिकल टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया जाएगा। इसमें ज्यादा एफिशिएंसी वाले सिस्टम और आधुनिक पर्यावरण सुरक्षा उपाय होंगे।






