सिंगरौली मेडिकल कॉलेज को PPP मोड पर देने की खबरों के विरोध में कांग्रेस का मोर्चा, छात्रों से किया संवाद

26

सिंगरौली मेडिकल कॉलेज को PPP मोड पर देने की खबरों के विरोध में कांग्रेस का मोर्चा, छात्रों से किया संवाद

 

समीम बेग / बेलाल अहमद की रिपोर्ट 

 

सिंगरौली। सिंगरौली मेडिकल कॉलेज को पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर दिए जाने की खबरों के बीच कांग्रेस ने विरोध तेज कर दिया है। जिला कांग्रेस कमेटी सिंगरौली शहर के अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान मेडिकल कॉलेज पहुंचे और छात्रों से संवाद कर PPP मॉडल को लेकर उनकी राय जानी।

 

इस दौरान छात्रों ने भी मेडिकल कॉलेज को PPP मोड पर दिए जाने का विरोध जताया। प्रवीण सिंह चौहान ने कहा कि जनता के टैक्स के पैसों से तैयार हुए मेडिकल कॉलेज को निजी हाथों में सौंपने का प्रयास किया गया तो कांग्रेस पार्टी इसके खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से बड़ा जन आंदोलन करेगी।

 

उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज के शुरू होने से सिंगरौली सहित आसपास के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की उम्मीद जगी है। ऐसे में इसके संचालन को PPP मॉडल पर देने की खबरों ने छात्रों और आम जनता के बीच चिंता पैदा की है।

 

चौहान ने सरकार से मांग की कि PPP मॉडल को लेकर स्थिति तत्काल स्पष्ट की जाए। यदि ऐसी कोई योजना है तो उसके सभी प्रावधान और शर्तें सार्वजनिक की जाएं, ताकि जनता को वास्तविक स्थिति की जानकारी मिल सके।

 

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मेडिकल कॉलेज को निजी हाथों में देने का प्रयास हुआ तो कांग्रेस सड़क से लेकर लोकतांत्रिक मंचों तक आंदोलन करेगी। आवश्यकता पड़ने पर व्यापक जन आंदोलन और बाजार बंद जैसे कार्यक्रम भी किए जाएंगे।

 

इस दौरान सेवादल अध्यक्ष रूपेश पांडे, जिला प्रवक्ता अवनीश दुबे, जिला महामंत्री सौरभ सिंह रघुवंशी, वार्ड पार्षद रामगोपाल पाल और राणा सिंह सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।