भास्कर मिश्रा के खिलाफ चौथी बार जिला बदर की तैयारी पर उठा बवाल
जिला सिंगरौली।जिले में जनहित के मुद्दों को मुखरता से उठाने वाले सामाजिक कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि भास्कर मिश्रा के खिलाफ चौथी बार जिला बदर की संभावित कार्रवाई को लेकर सिंगरौली में राजनीतिक और सामाजिक हलकों में जबरदस्त बहस छिड़ गई है। प्रशासनिक स्तर पर इस फैसले पर विचार किए जाने की जानकारी सामने आने के बाद आम नागरिकों और समर्थकों में नाराजगी साफ देखी जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि भास्कर मिश्रा लंबे समय से सिंगरौली में विस्थापन, मुआवजा, पर्यावरण, अवैध खनन, प्रशासनिक लापरवाही जैसे गंभीर मुद्दों को बेबाकी से उठाते रहे हैं। ऐसे में बार-बार जिला बदर का प्रयास, जनहित की आवाज़ को दबाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। नागरिकों ने सवाल उठाया है कि क्या अब सच बोलना और जनता की बात रखना अपराध बन गया है?
इसी बीच नागरिकों और समर्थकों ने 29 दिसंबर 2025, दोपहर 12 बजे, कलेक्टर ऑफिस बैढ़न में शांतिपूर्ण समर्थन प्रदर्शन का आह्वान किया है। आयोजकों का कहना है कि यह कार्यक्रम पूरी तरह अहिंसक, लोकतांत्रिक और संवैधानिक दायरे में आयोजित होगा।
समर्थकों का आरोप है कि यदि इस तरह की कार्रवाई पर अब भी चुप्पी साधी गई तो आगे चलकर आम नागरिक की आवाज़ उठाना और मुश्किल हो जाएगा। फिलहाल प्रशासन की ओर से किसी भी तरह का आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन पूरे जिले में यह मुद्दा तेजी से चर्चा का केंद्र बन गया है।





