वर्दी का असली फर्ज निभा गए तिनगुड़ी चौकी प्रभारी! सड़क का गड्ढा देखकर नहीं किया इंतजार, खुद फावड़ा उठाकर भरने लगे मिट्टी… पुलिसकर्मी की इस पहल ने जीता लोगों का दिल! 

78

वर्दी का असली फर्ज निभा गए तिनगुड़ी चौकी प्रभारी! सड़क का गड्ढा देखकर नहीं किया इंतजार, खुद फावड़ा उठाकर भरने लगे मिट्टी… पुलिसकर्मी की इस पहल ने जीता लोगों का दिल! 

 

 

जिला सिंगरौली। आमतौर पर पुलिस की वर्दी देखते ही लोगों के मन में चालान, चेकिंग और कार्रवाई की तस्वीर उभरती है, लेकिन तिनगुड़ी चौकी प्रभारी उप निरीक्षक बीएल बंसल ने अपनी एक छोटी-सी पहल से पुलिस की एक अलग ही तस्वीर पेश कर दी।

दरअसल, तिनगुड़ी की सड़क पर बीचोंबीच बने बड़े गड्ढे से राहगीर परेशान थे। इसी गड्ढे में गिरकर एक बाइक सवार घायल भी हो चुका था। रोजाना लोग गड्ढे से बचकर निकलते और जिम्मेदार विभागों को कोसते रहे, लेकिन किसी ने उसे भरने की पहल नहीं की।

इसी बीच चौकी प्रभारी बीएल बंसल वहां पहुंचे। लोगों को लगा कि कोई पुलिस कार्रवाई होने वाली है, लेकिन उन्होंने जीप से फावड़ा निकाला और खुद सड़क के गड्ढे में मिट्टी डालना शुरू कर दिया।

जब लोगों ने पूछा कि यह काम तो पीडब्ल्यूडी का है, आप क्यों कर रहे हैं? तो उनका जवाब दिल छू लेने वाला था। उन्होंने कहा कि किसी की जान बचाने के लिए सिर्फ एंबुलेंस और इलाज की व्यवस्था करना ही जरूरी नहीं, बल्कि हादसा होने से पहले उसके कारणों को खत्म करना भी जरूरी है।

बस फिर क्या था! चौकी प्रभारी को मिट्टी डालते देख स्थानीय लोग भी आगे आ गए। किसी ने मिट्टी जुटाई तो किसी ने गिट्टी। देखते ही देखते लोगों के सहयोग से सड़क का गड्ढा भर दिया गया।

यह पहल सिर्फ एक गड्ढा भरने की नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और इंसानियत की मिसाल है।

सवाल यह नहीं कि सड़क का गड्ढा किस विभाग को भरना चाहिए, सवाल यह है कि जब किसी की जान खतरे में हो तो पहल कौन करता है?

सलाम है ऐसे पुलिसकर्मी को, जिन्होंने वर्दी का रुतबा नहीं, बल्कि इंसानियत का फर्ज निभाया।

आप भी इस सराहनीय पहल के लिए तिनगुड़ी चौकी प्रभारी बीएल बंसल का हौसला बढ़ाएं।