वनभूमि पर अवैध बोरिंग करते पकड़ी गई मशीन, रेंजर के निर्देशन में सख्त कार्रवाई

96

वनभूमि पर अवैध बोरिंग करते पकड़ी गई मशीन, रेंजर के निर्देशन में सख्त कार्रवाई

 

जिला सिंगरौली। वनपरिक्षेत्र माड़ा में वन विभाग ने अवैध अतिक्रमण और प्राकृतिक संसाधनों के दोहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए वनभूमि पर चोरी-छिपे बोरिंग कर रही मशीन को रंगे हाथों पकड़ लिया। यह कार्रवाई देर रात लगभग 1:30 बजे की गई, जिससे अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया।

 

जानकारी के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई वनपरिक्षेत्राधिकारी पुष्पा सिंह के निर्देशन तथा परिक्षेत्र सहायक मकरोहर के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। बीटगार्ड मकरोहर, छतौली, मथानीडांड, जीर, भदैली और कचरा की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर बोरिंग मशीन को जब्त करने की प्रक्रिया शुरू की।

 

कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने डिप्टी रेंजर और बीटगार्ड के साथ देर रात विवाद किया। इतना ही नहीं, संगठित होकर सरकारी कार्य में बाधा डालने और वाहन जब्ती रोकने का प्रयास भी किया गया। स्थिति तनावपूर्ण हो गई, लेकिन वन अमले ने संयम और साहस का परिचय देते हुए कानून व्यवस्था बनाए रखी।

 

बढ़ते विवाद को देखते हुए पुलिस बल को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस की उपस्थिति में जब्ती और अन्य कानूनी प्रक्रिया को तड़के सुबह तक सफलतापूर्वक पूरा किया गया।

 

वन विभाग की इस सख्त और त्वरित कार्रवाई से अवैध अतिक्रमणकारियों में खलबली मच गई है। विभाग ने स्पष्ट संकेत दिया है कि वनभूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कार्य बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।