गोभा में वन विभाग की बड़ी लापरवाही, जंगल में दिनभर धधकती रही आग
जिला सिंगरौली । गोभा क्षेत्र में वन विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। वन चौकी से सटे जंगल में लगी आग पूरे दिन धधकती रही, लेकिन आग बुझाने के लिए वन विभाग का कोई भी कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। जंगल में फैलती आग को देखकर स्थानीय ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश का माहौल बना रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह जंगल के एक हिस्से से धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद देखते ही देखते आग ने आसपास के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। तेज गर्मी और सूखी झाड़ियों के कारण आग लगातार फैलती रही। ग्रामीणों का कहना है कि आग लगने की सूचना वन विभाग को दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचे।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि यदि समय रहते आग पर काबू पाने का प्रयास किया जाता तो जंगल को बड़े नुकसान से बचाया जा सकता था। आग की वजह से वन क्षेत्र में मौजूद पेड़-पौधों के साथ वन्य जीवों को भी खतरा पैदा हो गया। कई घंटों तक जंगल धू-धू कर जलता रहा और वन विभाग की टीम नदारद रही।
ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब वन चौकी के पास ही जंगल सुरक्षित नहीं है तो दूरस्थ क्षेत्रों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। लोगों ने मामले की जांच कर जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि हर वर्ष गर्मी के मौसम में जंगलों में आग लगने की घटनाएं सामने आती हैं, लेकिन इसके बावजूद विभाग द्वारा पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी नहीं की जाती। यदि इसी तरह लापरवाही जारी रही तो आने वाले समय में जंगलों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।





