ग्राम पंचायत नेवारी में पंचायत भवन मरम्मत में बड़े घोटाले का आरोप जिला पंचायत राज अधिकारी से निष्पक्ष जांच की मांग
नेवारी/चोपन/सोनभद्र।
सोनभद्र जिले के ब्लॉक चोपन अंतर्गत ग्राम पंचायत नेवारी में पंचायत भवन की मरम्मत के नाम पर बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितता और धांधली का मामला सामने आया है। ग्रामीणों और शिकायतकर्ताओं ने जिला पंचायती राज अधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कराने की गुहार लगाई है।
तीन बार जारी हुआ बजट फिर भी भवन जर्जर
शिकायत पत्र के अनुसार, वर्ष 2022 से 2026 के बीच पंचायत भवन की मरम्मत के नाम पर तीन बार भुगतान पास कराया गया है। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, इस दौरान 13 लाख, 6 लाख और 10 लाख रुपये की अलग-अलग किश्तें जारी की गईं। आरोप है कि भारी-भरकम राशि पास होने के बावजूद धरातल पर काम न के बराबर हुआ है और पंचायत भवन आज भी बदहाल व जर्जर स्थिति में पड़ा हुआ है।
केवल खानापूर्ति का आरोप
आवेदन में उल्लेख किया गया है कि वर्तमान में भी पंचायत भवन पर मरम्मत का कार्य केवल खानापूर्ति के लिए चलाया जा रहा है ताकि नया फंड जारी कराया जा सके। ग्राम प्रधान और संबंधित तंत्र पर आरोप लगाया गया है कि कागजों पर विकास कार्य दिखाकर जनता के पैसों की बंदरबांट की गई है।
निष्पक्ष ग्राउंड लेवल जांच की मांग
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन व डीपीआरओ से मांग की है कि अधिकारियों की टीम भेजकर मौके पर ग्राउंड लेवल जांच कराई जाए। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि यदि निष्पक्ष जांच कराई जाती है, तो विकास कार्यों में हुआ बड़ा घोटाला उजागर होगा ।






