दुर्गा पूजा देखकर लौट रही महिला और नाबालिग से दरिंदगी, सरई पुलिस पर लीपापोती के आरोप, पीड़िता के परिजनों ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार

183

 

सिंगरौली जिले के सरई थाना क्षेत्र अंतर्गत एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां दुर्गा पूजा देखकर घर लौट रही 25 वर्षीय महिला और उसकी 14 वर्षीय नाबालिग भतीजी के साथ सामूहिक रूप से दरिंदगी की गई। आरोप है कि घटना के करीब तीन सप्ताह बाद जब पीड़ित परिवार थाने पहुंचा, तो पुलिस ने पूरे मामले में निष्पक्ष कार्रवाई करने के बजाय लीपापोती की कोशिश की।

पीड़ित पक्ष ने अब पुलिस अधीक्षक (एसपी) सिंगरौली के समक्ष उपस्थित होकर शिकायती पत्र सौंपा है और मामले में पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) सहित सख्त धाराओं में एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

 

सुनसान इलाके में खींचकर ले गए थे आरोपी

 

एसपी को सौंपे गए शिकायती आवेदन के अनुसार, ग्राम जहाटोला (जट्ठाटोला) निवासी परिवार की 25 वर्षीय महिला और 14 वर्षीय किशोरी 14 अक्टूबर की रात गांव से करीब एक किलोमीटर दूर दुर्गा पूजा देखने गई थीं। रात करीब 11 बजे जब दोनों घर लौट रही थीं, तभी रास्ते में शराब के नशे में धुत दो युवकों—अनिल शाह (निवासी जट्ठाटोला) और सुनील शाह (निवासी झलरी मझौली) ने उन्हें रोक लिया।

 

आरोप है कि दोनों युवकों ने पहले उनके साथ छेड़खानी की और फिर जबरन खींचकर मुआवजे के लिए बने खाली मकानों के पास मैदान में ले गए, जहां दोनों के साथ दुष्कर्म किया गया। घटना के बाद पीड़िताएं किसी तरह घर पहुंचीं और परिजनों को आपबीती बताई।

 

थाना स्तर पर सुनवाई न होने का आरोप

 

शिकायतकर्ता के अनुसार, पारिवारिक परिस्थितियों चलते वे तत्काल थाने नहीं पहुंच सके थे। जब वे 7 नवंबर को शिकायत दर्ज कराने सरई थाने पहुंचे, तो पुलिस का रवैया बेहद निराशाजनक रहा।

परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें न तो एफआईआर की प्रति दी और न ही 14 वर्षीय नाबालिग के साथ हुए अपराध की कायमी की।

 

परिजनों का कहना है कि पुलिस ने केवल महिला के मामले में आंशिक कार्रवाई की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया, जबकि नाबालिग से जुड़े इस संगीन मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत तत्काल सख्त कार्रवाई होनी चाहिए थी।

 

एसपी से गुहार: आरोपियों पर हो कठोर कार्रवाई

 

स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली से क्षुब्ध होकर पीड़ित परिवार ने अब पुलिस अधीक्षक सिंगरौली की चौखट पर दस्तक दी है। आवेदन में मांग की गई है कि महिला और नाबालिग दोनों के बयानों के आधार पर दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की सुसंगत धाराओं में विधिवत मामला दर्ज हो। दोनों नामजद आरोपियों को अविलंब गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाए। पीड़ित परिवार को सुरक्षा और एफआईआर की प्रमाणित प्रति उपलब्ध कराई जाए। मामले में अब देखना होगा कि जिला पुलिस अधीक्षक के संज्ञान में आने के बाद सरई पुलिस की कार्यप्रणाली की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।