वन विभाग की रात्रि गश्त में बड़ी कार्रवाई, अवैध लकड़ी सहित दो बाइक जब्त

124

 

सिंगरौली संवाददाता सिटी टू विलेज समाचार जमुना राम रजक

सिंगरौली जिले के वन विभाग ने अवैध लकड़ी परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रात्रिकालीन गश्त के दौरान दो मोटरसाइकिलों सहित अवैध वनोपज जब्त की है। कार्रवाई मलगो बीट क्षेत्र में की गई, जहां वन अमले को देखकर लकड़ी तस्कर वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।

 

वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात्रिकालीन गश्त के दौरान मलगो बीट गार्ड ने दो मोटरसाइकिलों पर अवैध रूप से लकड़ी का परिवहन होते देखा। संदेह होने पर दोनों वाहनों का पीछा किया गया। वन अमले को अपने पीछे आता देख तस्करों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पीछा तेज होने पर दोनों मोटरसाइकिलों को लकड़ी सहित मौके पर छोड़कर जंगल की ओर अंधेरे का लाभ उठाते हुए फरार हो गए।

 

वन विभाग की टीम ने मौके से दोनों मोटरसाइकिलों एवं अवैध रूप से परिवहन की जा रही लकड़ी को जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की। जब्त किए गए वाहन एवं वनोपज को सुरक्षा की दृष्टि से नाका मिथुल में सुरक्षित रखा गया है। वन विभाग ने मामले में वन अपराध प्रकरण दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

 

वन अधिकारियों ने बताया कि अवैध कटाई और वनोपज की तस्करी रोकने के लिए जंगल क्षेत्रों में रात्रिकालीन गश्त लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि वन संपदा की सुरक्षा के लिए ऐसे अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाए जाएंगे और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।