लगातार चोरी की घटनाओं से दहशत में तिनगुड़ी के व्यापारी, कार्रवाई नहीं होने पर पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल

16

लगातार चोरी की घटनाओं से दहशत में तिनगुड़ी के व्यापारी, कार्रवाई नहीं होने पर पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल

 

जिला सिंगरौली: सरई थाना क्षेत्र अंतर्गत तिनगुड़ी चौकी के ग्राम तिनगुड़ी में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने स्थानीय लोगों और व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। पीड़ित व्यवसायी रामाश्रय सोनी ने आरोप लगाया है कि कई बार शिकायत और नामजद रिपोर्ट देने के बावजूद पुलिस अब तक आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है।

 

पीड़ित के अनुसार 16 दिसंबर 2025 को उनके घर से सोने-चांदी के आभूषण एवं नकदी सहित करीब 4.90 लाख रुपये की चोरी हुई थी। घटना की सूचना तत्काल तिनगुड़ी चौकी पुलिस को दी गई, पुलिस ने मौका मुआयना भी किया, लेकिन आज तक मामले का खुलासा नहीं हो सका।

 

इसके करीब 18 दिन बाद उनके घर से दो एलईडी बल्ब भी चोरी हो गए। वहीं 5 जून 2026 (शुक्रवार) को जब वे अपनी पत्नी के साथ तिनगुड़ी बाजार में दुकानदारी के लिए गए थे, उसी दौरान सूने मकान को निशाना बनाकर चोरों ने फिर धावा बोल दिया। शाम करीब 7:30 बजे घर लौटने पर पीछे की जाली कटी हुई मिली तथा मौके पर एक प्लास भी पड़ा मिला। घटना की सूचना तत्काल डायल-112 को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। अगले दिन तिनगुड़ी चौकी में लिखित शिकायत और बाद में सरई थाने में नामजद रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई, लेकिन पीड़ित का आरोप है कि अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

 

क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते चोरी की घटनाओं का खुलासा कर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो अपराधियों के हौसले और बुलंद होंगे।

 

अब देखना यह होगा कि पुलिस इन लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का खुलासा कर आरोपियों तक पहुंच पाती है या फिर पीड़ितों को केवल जांच और कार्रवाई के आश्वासन ही मिलते रहेंगे।