ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए अदाणी फाउंडेशन ने शुरू किया निःशुल्क इवनिंग एजुकेशन सेंटर
जिला सिंगरौली, 24 जून 2026: अदाणी समूह के चेयरमैन श्री गौतम अदाणी के जन्मदिवस के अवसर पर अदाणी फाउंडेशन ने शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए सुहिरा शासकीय हाई स्कूल में कक्षा 9वीं एवं 10वीं के विद्यार्थियों के लिए बुधवार को निःशुल्क अदाणी इवनिंग एजुकेशन सेंटर का शुभारंभ किया। इस केंद्र का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक मार्गदर्शन उपलब्ध कराना तथा उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहयोग देना है। यहां विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, विषयवार मार्गदर्शन तथा बोर्ड परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के लिए अतिरिक्त शैक्षणिक सहायता प्रदान की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि महान एनर्जेन लिमिटेड के परिधीय ग्राम करसुआराजा में अदाणी फाउंडेशन द्वारा संचालित इवनिंग एजुकेशन सेंटर के परिणाम अत्यंत उत्साहजनक रहे हैं। इसी केंद्र के छात्र अवनीश नाई ने इस वर्ष कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मध्यप्रदेश की मेरिट सूची में तीसरा स्थान प्राप्त कर अपने विद्यालय एवं गांव का नाम गौरवान्वित किया। इसके अलावा केंद्र से अध्ययन करने वाले अनेक अन्य विद्यार्थियों ने भी उल्लेखनीय सफलता अर्जित की है।

नवस्थापित इवनिंग एजुकेशन सेंटर का उद्घाटन सुहिरा ग्राम पंचायत के प्रतिनिधि श्री नारायण दास ने विद्यालय के प्राचार्य श्री सुशील कुमार शाह की गरिमामयी उपस्थिति में किया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं प्रतिस्पर्धी भावना के साथ अपने लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।
अदाणी फाउंडेशन की यह पहल ग्रामीण विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह पहल न केवल उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों को नई दिशा देगी, बल्कि उन्हें उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए भी सशक्त बनाएगी।





