गजरा, बहरा, खनुआ और धिरौली क्षेत्र में अवैध उत्खनन का आरोप, स्थानीय लोगों ने प्रशासन से की कार्रवाई की मांग
सिटी टू विलेज समाचार संपादक राममिलन जयसवाल
जिला सिंगरौली। सरई थाना क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन का कारोबार लगातार बढ़ता जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दिन ढलते ही दर्जनों ट्रैक्टर अवैध रेत लेकर सड़कों पर दौड़ने लगते हैं और पूरी रात यह सिलसिला जारी रहता है।
बताया जा रहा है कि गजरा, बहरा, खनुआ प्लांट और धिरौली क्षेत्र में सुबह लगभग 9 बजे तक अवैध रेत का परिवहन खुलेआम किया जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि कई स्थानों पर अवैध खदानें तक तैयार हो चुकी हैं, जहां से लगातार रेत निकासी की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि धिरौली क्षेत्र में कथित रूप से कुछ प्रभावशाली लोगों और कारखास के सहयोग से यह अवैध कारोबार संचालित हो रहा है, जिसके कारण कार्रवाई नहीं हो पा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि अवैध उत्खनन से पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है, वहीं सड़कों की स्थिति भी खराब हो रही है।
लोगों ने जिला प्रशासन और खनिज विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध रेत कारोबार पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।





