अविनाश रंजन स्टेट ब्यूरो चीफ की रिपोर्ट
बिहार वैशाली हाजीपुर सिटी टू विलेज न्यूज
जिलाधिकारी वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह के मार्गदर्शन में युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने हेतु 28 फरवरी 2026 को एक दिवसीय नियोजन–सह–मार्गदर्शन मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार सरकार के निर्देशन में जिला नियोजनालय, वैशाली द्वारा गांधी मैदान स्टेडियम, महुआ में पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 04:00 बजे तक आयोजित होगा।
जिलाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि मेले के व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ-साथ अधिकाधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मेला “नियोजक आपके द्वार” नीति के तहत आयोजित किया जा रहा है, जिससे स्थानीय स्तर पर युवाओं को निजी क्षेत्र की कंपनियों में रोजगार के अवसर मिल सकें।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मेले में कुल 27 नियोजकों की भागीदारी प्रस्तावित है, जिनमें एएफपी मैन्युफैक्चरिंग कंपनी प्रा. लि., न्यू ज़ील फैशन वियर प्रा. लि., अनमोल इंडस्ट्रीज, रीशव ऑटोमोबाइल्स, परमान न्यूट्रिशनल्स प्रा. लि. सहित अन्य प्रतिष्ठित कंपनियाँ शामिल होंगी। इन कंपनियों द्वारा 8वीं, 10वीं, इंटरमीडिएट, स्नातक, पीजी, आईटीआई, डिप्लोमा एवं बी-टेक योग्यताधारी अभ्यर्थियों के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
जिलाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह ने कहा कि यह मेला जिले के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया है कि अधिक से अधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाए तथा उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं कौशल विकास कार्यक्रमों की भी जानकारी दी जाए।
जिला प्रशासन ने युवाओं से अपील की है कि वे अपने बायोडाटा एवं आवश्यक प्रमाण पत्रों के साथ समय पर उपस्थित होकर इस अवसर का लाभ उठाएँ।





