3 ओवरलोड वाहन जब्त, 1 पर चालान — कार्रवाई पर उठे सवाल
सिंगरौली जिले में अवैध खनिज परिवहन और ओवरलोडिंग के खिलाफ परिवहन एवं खनिज विभाग ने संयुक्त अभियान चलाते हुए सरई-निगरी मार्ग पर कार्रवाई की। जांच के दौरान रेत और राख से भरे तीन ओवरलोड मालवाहक वाहनों को जब्त कर निवास चौकी में खड़ा कराया गया, जबकि एक अन्य वाहन पर ऑनलाइन चालान की कार्रवाई की गई।
अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान वाहनों के बीमा, फिटनेस और प्रदूषण प्रमाणपत्रों की भी जांच की गई। साथ ही सड़क सुरक्षा के मद्देनजर वाहनों पर रेडियम रिफ्लेक्टर भी लगाए गए। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि अवैध खनिज परिवहन और ओवरलोडिंग के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
हालांकि स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों का आरोप है कि यह कार्रवाई महज दिखावे तक सीमित है। उनका कहना है कि जिले में बड़े पैमाने पर खनिज परिवहन में नियमों का उल्लंघन हो रहा है, लेकिन प्रभावशाली लोगों से जुड़े वाहनों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती।
क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि छोटे वाहनों पर औपचारिक कार्रवाई करने के बजाय खनिज माफिया और बड़े पैमाने पर हो रहे अवैध परिवहन पर सख्ती की जाए।
मामले को लेकर नागरिकों ने Collector Office Singrauli और सिंगरौली पुलिस से पारदर्शी और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि जिले में अवैध खनिज परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।





