खेल के मैदान से सशक्तिकरण का संदेश: वैशाली स्थापना महोत्सव पर खेलकूद प्रतियोगिताएं संपन्न

82

 

अविनाश रंजन स्टेट ब्यूरो चीफ की रिपोर्ट

 

बिहार वैशाली हाजीपुर न्यूज

वैशाली जिले के 53वें स्थापना महोत्सव के अवसर पर जिला पदाधिकारी वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह की विशेष पहल पर जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। स्थानीय अक्षयबट राय स्टेडियम, हाजीपुर में आयोजित इन प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बनता था।

 

प्रतियोगिताओं के विजेताओं को केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, जिला पदाधिकारी श्रीमति वर्षा सिंह, पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग, हाजीपुर विधायक अवधेश सिंह, लालगंज विधायक संजय सिंह एवं उप विकास आयुक्त कुंदन कुमार ने संयुक्त रूप से पुरस्कृत किया।

 

महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में महिला क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें होमगार्ड वैशाली की टीम विजेता रही, जबकि वैशाली महिला टीम उपविजेता बनी। मैच में वैशाली टीम ने टॉस हारकर 10 ओवर में 6 विकेट पर 46 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए होमगार्ड वैशाली ने 9 ओवर 2 गेंद में 8 विकेट खोकर 47 रन बनाते हुए दो विकेट से जीत दर्ज की। वैशाली की आरती कुमारी को 18 रन और 4 विकेट के शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।

 

चार गुणा 100 मीटर रिले दौड़ में जिला प्रशासन वैशाली की ऑफिसर टीम (दिवाकर कुमार, संतोष कुमार, अमित कुमार एवं कन्हैया कुमार) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान जिला परिषद अध्यक्ष टीम (मोहित पासवान, कुंदन सिंह, संतू सिंह एवं नीतीश कुमार) को मिला, जबकि तृतीय स्थान जिला प्रशासन वैशाली की टीम ने हासिल किया।

 

पूरे आयोजन ने जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह के नेतृत्व में खेल, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया और स्थापना महोत्सव को जनभागीदारी के उत्सव में बदल दिया।