स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक

91

 

 

अविनाश रंजन स्टेट ब्यूरो चीफ की रिपोर्ट

 

बिहार वैशाली हाजीपुर न्यूज

 

जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमति वर्षा सिंह द्वारा आज दिनांक 07.02.2026 को समाहरणालय स्थित पुष्करणी सभागार में स्वस्थ्य विभाग की विस्तृत समीक्षा बैठक की गई। बैठक में नियमित टीकाकरण, परिवार नियोजन, संस्थागत प्रसव, एम्बुलेंस संचालन तथा स्वास्थ्य संस्थानों की आधारभूत सुविधाओं से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।

 

समीक्षा के क्रम में नियमित टीकाकरण के अंतर्गत माइक्रोप्लान के अनुसार प्रत्येक टीकाकरण केंद्र पर कम से कम 16 लाभार्थियों को टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया, जबकि वर्तमान में यह संख्या औसतन 11 है। इस अंतर को शीघ्र समाप्त करने के लिए सभी प्रखंडों को विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। साथ ही पूर्ण टीकाकरण दर को 91 प्रतिशत से बढ़ाकर 95 प्रतिशत करने का लक्ष्य भी तय किया गया। प्रखंड हाजीपुर, देसरी, बिदुपुर, राजापाकर, पातेपुर एवं महुआ को इस दिशा में विशेष ध्यान देने हेतु निर्देशित किया गया।

बैठक में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों द्वारा बताया गया कि BMSICL के माध्यम से निर्मित भवनों के रख-रखाव की आवश्यकता है, जिससे कार्य में कठिनाई हो रही है। इस पर उपस्थित BMSICL के प्रोजेक्ट मैनेजर को निर्देश दिया गया कि संबंधित संस्थानों से पत्र प्राप्त कर अगले बैठक से पूर्व सभी आवश्यक रख-रखाव कार्य सुनिश्चित कराएँ।

जिलाधिकारी ने लक्ष्य एवं कायाकल्प कार्यक्रम के प्रमाणीकरण को लेकर सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी एवं स्वास्थ्य प्रबंधकों को समय सीमा के भीतर एसेसमेंट पूर्ण कर कार्यालय में समर्पित करने तथा आवश्यक तैयारियाँ सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

इसके अतिरिक्त परिवार नियोजन ऑपरेशन को बेहतर तरीके से संचालित करने, एम्बुलेंस सेवाओं का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक एम्बुलेंस से प्रतिदिन कम से कम 5 ट्रिप कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर संस्थागत प्रसव एवं अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर भी बल दिया गया।

बैठक में सिविल सर्जन, वैशाली, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (स्वास्थ्य), जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी, जिला संचारी रोग पदाधिकारी, जिला गैर-संचारी रोग पदाधिकारी, जिला मलेरिया पदाधिकारी-सह-उपाधीक्षक, सदर अस्पताल, हाजीपुर सहित सभी स्वास्थ्य संस्थानों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, स्वास्थ्य प्रबंधक एवं विकास सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि, जिनमें डब्ल्यूएचओ एवं यूनिसेफ के प्रतिनिधि शामिल थे, उपस्थित रहे।