रेत का अवैध परिवहन करते हुए ट्रैक्टर हुआ जप्त – तहसीलदार सरई की सख़्त कार्यवाही से क्षेत्र में हड़कंप
सिंगरौली, सरई।
रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर रोक लगाने के उद्देश्य से तहसीलदार सरई श्री चंद्रशेखर मिश्रा द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्राप्त शिकायतों के आधार पर ग्राम दूधिया टोला सरई बरका मार्ग में कार्रवाई की गई, जहाँ बिना अनुज्ञा के रेत का परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को मौके पर ही जप्त किया गया।
वाहन चालक रघुनाथ सिंह, निवासी झुनडीहवा, स्थानीय नाले से अवैध रूप से रेत का परिवहन कर रहा था। तहसीलदार सरई द्वारा तत्काल कार्यवाही करते हुए वाहन को जप्त कर थाना सरई के सुपुर्द किया गया। प्रकरण तैयार कर कलेक्टर खनिज कार्यालय की ओर प्रेषित किया जा रहा है।
बरसात के मौसम में छोटे-छोटे नालों एवं नदियों से अवैध उत्खनन और परिवहन न केवल गैरकानूनी है, बल्कि लोगों की जान के लिए भी खतरा उत्पन्न करता है। तहसीलदार श्री मिश्रा की इस न कार्यवाही से क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति निर्मित हो गई है और रेत माफियाओं में भय का वातावरण व्याप्त है।





