भगवान की भक्ति कर अपने आत्मा का कल्याण करें : संत पंकज जी महाराज
पड़री/पहाड़ी, मीरजापुर। जयगुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था, मथुरा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूज्य संत पंकज जी महाराज ने कहा कि मनुष्य को गृहस्थ जीवन में रहते हुए मेहनत और ईमानदारी से अपनी जीविका कमानी चाहिए तथा कुछ समय निकालकर भगवान की भक्ति कर अपने आत्मा का कल्याण करना चाहिए। उन्होंने लोगों से हिंसा, अपराध, मांसाहार और मद्यपान का त्याग कर शाकाहार एवं सदाचार अपनाने की अपील की।
मीरजापुर जनपद में शाकाहार, सदाचार, मद्यनिषेध एवं आध्यात्मिक-वैचारिक जनजागरण यात्रा के तहत संत पंकज जी महाराज का सत्संग भ्रमण जारी है। इसी क्रम में शनिवार को पड़री थाना क्षेत्र के ग्राम सिकरी में यात्रा का 65वां पड़ाव रहा। यहां आयोजित सत्संग समारोह में महाराज जी ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक जीवन का महत्व समझाया।
उन्होंने कहा कि मनुष्य संसार की भौतिक वस्तुओं को जुटाने में अपना पूरा जीवन लगा देता है, लेकिन आत्मकल्याण के लिए समय नहीं निकालता। उन्होंने शराब को हजारों बुराइयों का कारण बताते हुए लोगों से इससे दूर रहने और महिलाओं के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने का आह्वान किया। उनके अनुसार, शाकाहार, सदाचार और नैतिक मूल्यों को अपनाकर समाज को बेहतर बनाया जा सकता है।
सुरत-शब्द योग की साधना पर दिया जोर
संत पंकज जी महाराज ने कलियुग में आध्यात्मिक उन्नति के लिए सुरत-शब्द योग की साधना, सुमिरन, ध्यान और भजन की विधि विस्तार से समझाई। उन्होंने श्रद्धालुओं से नियमित रूप से साधना करने की अपील करते हुए कहा कि संत-महात्मा मानव कल्याण और प्रभु प्राप्ति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने मथुरा में आगरा-दिल्ली बाईपास स्थित बाबा जयगुरुदेव जी महाराज के मंदिर का उल्लेख करते हुए बताया कि आगामी 17 से 21 दिसंबर तक जयगुरुदेव वार्षिक भंडारा सत्संग मेला आयोजित किया जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं को मेले में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया।
सत्संग कार्यक्रम के दौरान पुलिस-प्रशासन का शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग रहा। महाराज जी ने कार्यक्रम में पहुंचे श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सभी के सुखद जीवन की मंगलकामना की।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष घूरन प्रसाद, संगठन मंत्री एवं प्रवक्ता मोती लाल सिंह, रामविलास, भानु प्रताप, विश्वनाथ गुप्ता तथा कुशीनगर से आए सहयोगी संगत के वैजनाथ वर्मा, धर्मेंद्र सिंह, रामअवध चौधरी और रामधनी कुशवाहा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
सिकरी में सत्संग कार्यक्रम संपन्न होने के बाद जनजागरण यात्रा अपने 66वें पड़ाव ग्राम भुसरौल, विकासखंड पहाड़ी के लिए रवाना हो गई। यहां रविवार को सुबह 11 बजे से सत्संग कार्यक्रम आयोजित होने की जानकारी दी गई।






