नगर निगम रामनगर वाराणसी की गाड़ी ने चंपारण रेस्टोरेंट की तोड़ी दीवार।
अमित चक्रवर्ती की खास रिपोर्ट।
रामनगर/वाराणसी। रामनगर क्षेत्र में देर रात एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया, जहां नगर निगम की कूड़ा उठाने वाली गाड़ी चंपारण रेस्टोरेंट की दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार बताई जा रही है कि रेस्टोरेंट की दीवार का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
नगर निगम की कूड़ा उठाने वाली गाड़ी रेस्टोरेंट की दीवार के पास फंसी हुई है। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
बताया जा रहा है कि हादसे के चलते चंपारण रेस्टोरेंट को काफी नुकसान पहुंचा है। वहीं, रेस्टोरेंट संचालक रोशन सिंह के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखने को मिली।
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, घटना के बाद काफी देर तक वहां लोगों की भीड़ लगी रही। लोग घटना को लेकर चर्चा करते और जानकारी जुटाते हुए नजर आ रहे हैं।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर नगर निगम की गाड़ी रेस्टोरेंट की दीवार तक कैसे पहुंची? क्या वाहन चालक से नियंत्रण बिगड़ा या हादसे के पीछे कोई अन्य वजह रही? फिलहाल इन सवालों का स्पष्ट जवाब सामने नहीं आया है।
घटना में नगर निगम के वाहन की भूमिका और हादसे के वास्तविक कारणों की जांच के बाद हीं पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी। साथ हीं रेस्टोरेंट संचालक को हुए नुकसान का आकलन भी किया जाना बाकी है।
रामनगर में हुए इस हादसे ने एक बार फिर रात के समय भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अब देखना होगा कि संबंधित विभाग की ओर से इस मामले में क्या कार्रवाई की जाती है?





