नरायनपुर, रायपुरिया घाट गंगा पीपा पुल का निर्माण समय से न होने पर क्षेत्रवासी नाराज।
नरायनपुर/मिर्जापुर। जनपद मिर्जापुर वि० खं० नरायनपुर के रायपुरिया स्थित गंगा घाट पर पीपा पुल लगाये जाने में विलम्ब को लेकर दिनांक 14 नवंबर 2026 दिन शनिवार को आक्रोषित ग्रामीणों ने गंगा घाट पर प्रदर्शन कर अविलम्ब पीपा पुल बनाये जाने की मांग जिला प्रशासन से किया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विभागीय कर्मचारी पदाधिकारी एवं उच्चाधिकारियों की लापरवाही के चलते रायपुरिया घाट पर पीपा पुल को लेकर अभी तक कोई कार्यवाही नहीं हो पायी।जबकि गंगा किनारे रखे सैकड़ों पीपा, पुल बनाये जाने का इन्तजार कर रहे हैं।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने बताया कि नियमानुसार एक नवम्बर से पीपा पुल बनकर तैयार हो जाना चाहिए था जिसके लिए अक्टूबर माह से ही निर्माण कार्य शुरू हो जाना चाहिए था। उन्होंने आरोप लगाया कि रायपुरिया घाट पर पीपा पुल के लिए आज तक टेंडर जारी नही किया गया है।पीपा पुल से आवागमन को लेकर सैकड़ों गांव की जनता मार्ग बनाये जानें का इन्तजार कर रही है।उक्त पीपापुल से वाराणसी की दूरी आधा से भी कम हो जाती है। क्षेत्रीय आमजन ग्रामीण मुख्य मार्ग के जाम व धूल से बच जाते थे। विभागीय अधिकारियों की उदासीनता को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दिया है कि रैपुरिया घाट पीपा पुल का निर्माण कार्य अविलम्ब शुरु नही कराया गया तो हजारों ग्रामीण सड़क पर उतरने को बाध्य हो जायेंगे।
इस दौरान विजय प्रजापति के साथ गुलाब दास साहनी, रामनरेश सिंह पतारू, अनिल मौर्या, अजय कुमार साहनी, अशोक कुमार साहनी आदि तमाम लोग उपस्थित रहे।
इस सम्बन्ध में अवर अभियंता पीडब्ल्यूडी विभाग अवधेश यादव ने बताया कि विभाग द्वारा तीन बार टेंडर प्रकाशित कराया गया है। नियमानुसार तीसरे बार भी टेंडर पास नही होने पर उच्चाधिकारियों के निर्देश पर किसी को पीपा पुल का ठेका दिया जा सकता है।जिसका बजट लगभग तैंतीस लाख रुपया है। ऐसी स्थिती बनने पर भी लगभग पन्द्रह दिनों मे पीपा पुल निर्माण कार्य शुरू हो जाना चाहिए। आपको बता दे की इसी प्रकार से कुछ दिन पहले कानपुर पीपा पुल के लिए भी लोगों को गंगा किनारे आकर नारेबाजी करना पड़ा जिससे आज कानपुर पीपा पुल का कार्य प्रगति पर चल रहा है । आखिर क्यों ऐसा होता है? कि जब तक क्षेत्रीय जनता पीपा पुल के लिए मांग नहीं करते हैं विभागीय कर्मचारी पदाधिकारी जागते नहीं है।






